मार्च का महीना शुरू होने वाला है, और इस बार त्योहारों की लंबी श्रृंखला के कारण बैंक ग्राहकों को सतर्क रहना आवश्यक है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मार्च महीने के लिए बैंक छुट्टियों की आधिकारिक सूची जारी की है।
इस महीने होली, ईद-उल-फितर, नवरात्रि और राम नवमी जैसे प्रमुख त्योहारों के चलते देशभर में विभिन्न स्थानों पर कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के निवासियों को अपनी शाखा जाने से पहले छुट्टियों की तारीखें अवश्य जांच लेनी चाहिए।
मार्च में जरूरी कार्यों में बाधा
मार्च का महीना वित्तीय वर्ष के समापन का समय होता है, जिसमें व्यापारियों और आम नागरिकों को बैंक से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य निपटाने होते हैं। ऐसे में 18 दिन बैंकों के बंद रहने से चेक क्लीयरेंस, नए ड्राफ्ट बनवाने और लोन पास कराने जैसे कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
यदि आपने समय पर अपने वित्तीय कार्य पूरे नहीं किए, तो आपको अनावश्यक आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश के कानपुर और लखनऊ जैसे कई शहरों में 2 और 3 मार्च को होलिका दहन और होली की छुट्टी रहेगी। इसके अलावा, महीने में 5 रविवार और दूसरे-चौथे शनिवार का नियमित अवकाश भी शामिल है।
राज्य विशेष छुट्टियों का विवरण
आरबीआई की इस सूची में कई छुट्टियां स्थानीय त्योहारों के आधार पर निर्धारित की गई हैं। जम्मू और श्रीनगर में 17 मार्च को शब-ए-कद्र के कारण बैंकों का कामकाज पूरी तरह से ठप रहेगा। वहीं, 19 मार्च को गुड़ी पड़वा और नवरात्रि की शुरुआत पर 11 राज्यों के शहरों में बैंक बंद रहेंगे।
20 और 21 मार्च को ईद-उल-फितर के चलते उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई प्रमुख राज्यों में बैंक कर्मचारी छुट्टी पर रहेंगे। 26 और 27 मार्च को राम नवमी के उपलक्ष्य में भी बैंकों में सार्वजनिक डीलिंग नहीं होगी। ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे बड़े लेनदेन के लिए अपनी होम ब्रांच से स्थानीय छुट्टियों की पुष्टि अवश्य कर लें।
मार्च की बैंक छुट्टियों की सूची; तारीख; दिन
छुट्टी का कारण; किन शहरों में बंद रहेंगे बैंक’
- 1 मार्च- रविवार- साप्ताहिक अवकाश- सभी शहर
- 2 मार्च- सोमवार- होलिका दहन- कानपुर, लखनऊ
- 3 मार्च- मंगलवार- होली- 15 राज्यों के शहर
- 4 मार्च- बुधवार- होली / धुलेटी / याओसांग (दूसरा दिन)- 17 राज्यों के शहर
- 8 मार्च- रविवार- साप्ताहिक अवकाश- सभी शहर
- 13 मार्च- शुक्रवार- चापचर कुट- आइजोल
- 14 मार्च- शनिवार- दूसरा शनिवार- सभी शहर
- 15 मार्च- रविवार- साप्ताहिक अवकाश- सभी शहर
- 17 मार्च- मंगलवार- शब-ए-कद्र- जम्मू और श्रीनगर
- 19 मार्च- गुरुवार- गुड़ी पड़वा, उगादी और नवरात्रि की शुरुआत- 11 राज्यों के शहर
- 20 मार्च- शुक्रवार- ईद-उल-फित्र और जुमात-उल-विदा- 5 राज्यों के शहर
- 21 मार्च- शनिवार- रमजान ईद और सरहुल- सभी शहर
- 22 मार्च- रविवार- साप्ताहिक अवकाश- सभी शहर
- 26 मार्च- गुरुवार- श्री राम नवमी- 13 राज्यों के शहर
- 27 मार्च- शुक्रवार- श्री राम नवमी- 6 राज्यों के शहर
- 28 मार्च- शनिवार- दूसरा शनिवार- सभी शहर
- 29 मार्च- रविवार- साप्ताहिक अवकाश- सभी शहर
- 31 मार्च- मंगलवार- श्री महावीर जयंती- 15 राज्यों के शहर
ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी
हालांकि फिजिकल ब्रांच बंद रहेंगी, लेकिन आम जनता को कैश और पेमेंट लेनदेन में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। बैंक छुट्टियों के दौरान यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम सेवाएं बिना किसी रुकावट के 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
आप किसी भी समय आसानी से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। हालांकि, भारी कैश निकालने या जमा करने वाले कारोबारियों को पहले से ही अपनी व्यवस्था कर लेनी चाहिए।



