मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। अं.चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी पाटनखास के ग्राम पाण्डरवानी राउतटोला में तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को पाण्डरवानी राउतटोला स्थित तालाब में गहरीकरण कार्य के दौरान एक महिला के मृत अवस्था में मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर महिला के गर्दन के पीछे धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए।
मृतका के पुत्र अशोक कुमार यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम पाण्डरवानी की रिपोर्ट पर आरोपी निलेश कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम पाण्डरवानी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
जिले के पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चिराग जैन (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री देवचरण पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अं.चौकी श्री ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी राठौर एवं चौकी पाटनखास प्रभारी उपनिरीक्षक गणेश यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
प्राथमिक जांच में आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई तथा न्यायिक रिमांड हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस ने बताया कि उक्त कार्रवाई में चौकी पाटनखास के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



