राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और अति. पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुख्य मार्ग और सर्विस रोड पर अव्यवस्थित रूप से खड़ी की गई वाहनों को लेकर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
तीन दिनों में 195 वाहनों पर कार्रवाई
पुलिस ने पिछले तीन दिनों में अग्रवाल ट्रांसपोर्ट तिराहा से लेकर पुराना बस स्टैंड चौक, पोस्ट ऑफिस चौक, रेलवे स्टेशन रोड, भगत सिंह चौक, महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक, नया बस स्टैंड, अम्बेडकर चौक और मनोकामना से आर.के. नगर चौक तक सर्विस रोड के दोनों ओर वाहनों के अव्यवस्थित खड़े होने पर कार्रवाई की। इस दौरान मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 195 वाहनों पर लॉक लगाकर कुल 73,200 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। पुलिस ने चेताया है कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
जनसहयोग और जागरूकता की भी रही भूमिका
यातायात पुलिस की सतत कार्रवाई से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। आम नागरिकों का सहयोग भी सराहनीय रहा है। हैदराबादी बिरयानी सेंटर ने अपनी दुकान के सामने “नो पार्किंग” बोर्ड लगाकर जागरूकता का उदाहरण पेश किया, जिससे आसपास के लोग भी जागरूक हो रहे हैं।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने सभी दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि मुख्य मार्ग पर वाहन न खड़े करें। निर्धारित पार्किंग स्थल और फ्लाईओवर के नीचे ही वाहन पार्क करें। सफेद पट्टी के अंदर वाहन पार्किंग करने से आमजनों की आवाजाही बाधित नहीं होगी और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।
राजनांदगांव पुलिस का कहना है कि जनसहयोग, सतर्कता और नियमों का पालन ही शहर की सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था की कुंजी है।



