Home देश UP Budget 2026: यूपी विधानसभा बजट सत्र की आज से शुरुआत, विपक्ष...

UP Budget 2026: यूपी विधानसभा बजट सत्र की आज से शुरुआत, विपक्ष ने की इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी…

3
0

उत्तर प्रदेश विधान मंडल का बजट सत्र आज सोमवार (9 फरवरी, 2026) से शुरू हो रहा है. सत्र के पहले दिन की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से शुरू होगी. इस बार ये बजट सत्र 9 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा.

सरकार ने विपक्षी दलों से सहयोग की अपील की है वहीं विरोधी दल एसआईआर, प्रदेश की क़ानून व्यवस्था और अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर घेरने की तैयारी में जुटे हैं.

विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत आज सुबह 11 बजे से होगी. सबसे पहले राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का अभिभाषण होगा जिसमें वो राज्य सरकार द्वारा किए गए कामकाज का लेखा-जोखा पेश करेंगी. इसके बाद सदन में अध्यादेशों, अधिसूचनाओं आदि को सदन के पटल पर रखा जाएगा. पहले ही दिन सरकार ग्यारह विधेयकों को मंजूरी के लिए रख सकती है.

बुधवार को बजट पेश करेंगे सुरेश खन्ना

11 फरवरी को यूपी विगानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना साल 2026-27 का बजट पेश करेंगे. वित्त मंत्री ने सभी दलों के नेताओं को आश्वस्त किया कि सरकार पूरी गंभीरता के साथ विकास को नयी गति देने और आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी. वहीं दूसरी ओर विरोधी दलों ने भी सरकार को घेरने की तैयारी की है.

इन मुद्दों पर विपक्ष ने की घेरने की तैयारी

समाजवादी पार्टी और विपक्षी दल एसआईआर के मु्ददे को लेकर सरकार पर हमला बोलने की तैयारी कर रहे हैं. विपक्षी दल प्रदेश में क़ानून व्यवस्था और ट्रेड डील को लेकर भी सदन में हंगामा कर सकते हैं.

बजट सत्र की शुरुआत से पहले रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना सर्वदलीय बैठक बुलाई और सदन की कार्रवाई को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी दलों से सहयोग मांगा उन्होंने कहा कि संवाद और सकारात्मक चर्चा से लोकतंत्र सुदृढ़ होता है. विधानसभा चर्चा और परिचर्चा का मंच है, शोर-शराबे का नहीं है.

सर्वदलीय बैठक में मौजूद रहे ये नेता

इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, अपना दल (सोनेलाल) के नेता राम निवास वर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के नेता राजपाल बालियान, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर, निषाद पार्टी के रमेश सिंह, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा और जनसत्ता लोकतांत्रिक दल के विनोद सरोज ने भी अपनी बात रखी और सहयोग का भरोसा दिया है.