कांकेर में 5 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी के सिर पर करीब 20 लाख रुपये का इनाम था। सरेंडर करने वालों में उनका डिवीजन कमांडर चंदर भी शामिल है। छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, कांकेर में 20 लाख के इनामी 5 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वाले इन नक्सलियों में उनका डिवीजन कमांडर चंदर भी शामिल है। इन 5 नक्सलियों ने अपने ऑटोमेटिक हथियारों के साथ पुलिस के सामने सरेंडर किया है। नक्सलवाद की रोकथाम में यह सफलता अहम मानी जा रही है।
5 नक्सलियों ने किया पुलिस के आगे सरेंडर
कांकेर के एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि 5 नक्सलियों जिन पर कुल 20 लाख रुपये का इनाम था, ने कांकेर पुलिस के सामने अपने स्वचालित हथियारों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है। सरेंडर करने वाले नक्सलियों में 1 डिवीजन कमांडर चंदर, 2 एरिया कमांडर और 2 पार्टी सदस्य शामिल हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बीजापुर में बरामद किए गए थे 50 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर सेल
बता दें कि इसी महीने बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को उसूर थाना इलाके के पुजारीकांकेर के जंगलों में चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान में नक्सलियों का छिपाकर रखा गया डंप मिला था। इस डंप से 50 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर सेल बरामद किए गए थे। माना जा रहा था कि इन बीजीएल सेल का प्रयोग नक्सली आईईडी विस्फोटक बनाने और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने में कर सकते थे। वक्त रहते डंप रिकवर होने से एक बड़ा हमला टल गया।
जंगल में तलाशी के दौरान मिली बड़ी कामयाबी
दरअसल, पुलिस को खुफिया सूचना दी गई थी कि पुजारीकांकेर के जंगल में नक्सलियों ने विस्फोटक छिपाकर रखा है। फिर थाना उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केरिपु की जॉइंट टीम ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया था। तलाशी के दौरान, जंगल में कुछ संदिग्ध जगहों की पहचान की गई। बाद में जब उन जगहों की गहन तलाशी ली गई, तो धरती में छिपाकर रखे गए डंप से 50 बीजीएल सेल रिकवर किए गए। बरामद बीजीएल सेल के संबंध में पुलिस स्टेशन उसूर में जरूरी कानूनी कार्रवाई की गई। इससे पहले, इसी साल अगस्त महीने में सुकमा में पुलिस ने नक्सली डंप को बरामद किया था। उसमें से बड़ी संख्या में ऑटोमैटिक हथियार, ग्रेनेड और लॉन्चर रिकवर हुए थे।



