Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON अवैध शराब पर लालबाग पुलिस की सख्ती, दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी समेत...

अवैध शराब पर लालबाग पुलिस की सख्ती, दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी समेत 56 हजार से अधिक की जब्ती

14
0

राजनांदगांव। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लालबाग थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 70 पौवा देशी व अंग्रेजी शराब और घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर दोनों को जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

मुखबिर की सूचना पर नाकेबंदी
दिनांक 7 फरवरी 2026 को लालबाग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि स्कूटी हीरो डेस्टिनी (CG 24 U/0250) में दो व्यक्ति शराब भट्ठी से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर बायपास रोड होते हुए रेवाडीह से ट्रांसपोर्ट नगर चौक की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर स्कूटी को रोका।

तलाशी के दौरान स्कूटी सवार मनीष तेजवानी (30 वर्ष) निवासी नंदई चौक न्यू आदर्श कॉलोनी, थाना बसंतपुर और भागवत प्रसाद तिवारी (58 वर्ष) निवासी ग्राम कोहका, थाना लालबाग के कब्जे से 40 पौवा शोले देशी प्लेन शराब और 30 पौवा स्पेशल गोवा व्हिस्की कुल 12.600 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। शराब की कीमत 6,800 रुपए बताई गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए है, जब्त की गई। कुल जब्ती 56,800 रुपए की रही।

दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
शराब रखने के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश साहू, सहायक उप निरीक्षक एपी शीला, आरक्षक कमलकिशोर यादव, संतोष श्रीवास्तव और तामेश्वर वर्मा की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।