राजनांदगांव। छुरिया विकासखंड के ग्राम गुण्डरदेही में जल जीवन मिशन ने पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान किया है। इस मिशन के तहत ग्रामवासियों को अब हर घर तक शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल रही है, जिससे न केवल उनका जीवन आसान हुआ है, बल्कि स्वच्छता और जागरूकता में भी बढ़ोतरी हुई है।
ग्राम गुण्डरदेही की कुल जनसंख्या 1021 है, जहां पहले पेयजल की अत्यधिक कमी थी। जैसे-जैसे गांव की आबादी बढ़ी, जल स्रोतों पर दबाव भी बढ़ता गया, खासकर ग्रीष्म ऋतु में पेयजल की स्थिति गंभीर हो जाती थी। इसे देखते हुए राज्य शासन ने जल जीवन मिशन के तहत ग्राम में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की योजना बनाई।
सबसे पहले गांव के जल स्रोतों का सर्वे किया गया और सुरक्षित जल आपूर्ति के लिए आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया गया। पाइपलाइन विस्तार, जल भंडारण व्यवस्था और 222 घरेलू नल कनेक्शन से गांव के हर घर में अब शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। जल जीवन मिशन के लागू होने से ग्रामवासियों का जीवन स्तर सुधर गया है।
पहले, ग्रामीण महिलाओं को पानी लाने के लिए घंटों समय लग जाता था, लेकिन अब नल कनेक्शन के माध्यम से उन्हें आसानी से पानी मिल रहा है। इससे समय की बचत हो रही है और महिलाएं अब अपने परिवार और आजीविका संबंधी कार्यों में अधिक समय दे पा रही हैं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल संरक्षण, पेयजल की गुणवत्ता और नल कनेक्शन के रख-रखाव के संबंध में ग्रामवासियों को जागरूक किया है। इस प्रयास से गांव में जिम्मेदारी की भावना पैदा हुई है और ग्रामीण जल व्यवस्था को सुरक्षित रखने में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।
ग्राम सरपंच श्रीमती उमा सिंह ने कहा, “जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्राम गुण्डरदेही में नल से जल पहुंचने से पहले पानी के लिए ग्रामीणों को रोज संघर्ष करना पड़ता था, लेकिन अब हर घर में शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने से समय, स्वास्थ्य और स्वच्छता में सुधार हुआ है।”
जल जीवन मिशन ने ग्राम गुण्डरदेही की दिशा और दशा को पूरी तरह बदल दिया है। पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के साथ-साथ ग्रामीणों के समन्वय से यह संभव हो पाया है, और अब यह मिशन आत्मनिर्भरता और सम्मान का प्रतीक बन चुका है।



