Home Uncategorized 13 लाख डॉलर में बिका यह शाही सिक्का, हैरान करने वाला है...

13 लाख डॉलर में बिका यह शाही सिक्का, हैरान करने वाला है इसका इतिहास

1
0

ब्रिटेन के किंग एडवर्ड-8 ने एक विधवा से शादी के लिए राजगद्दी को छोड़ दिया था।

लंदन। ब्रिटेन के किंग एडवर्ड-8 के राजगद्दी छोड़ने से पहले की तस्वीर वाला एक सोने का सिक्का 10 लाख पाउंड या 13 लाख डॉलर में बिका है। इसे दुनिया के बेहद दुर्लभतम सिक्कों में से एक माना जाता है। ब्रिटिश राजवंश के सिक्के की बिक्री का यह एक नया रिकॉर्ड है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के चाचा किंग एडवर्ड-8 ने एक अमेरिकी विधवा वेलिस सिंपसन से विवाह करने के लिए राजगद्दी का त्याग कर दिया थी।

राजगद्दी छोड़ने से पहले की उनकी तस्वीर वाले इस सिक्के को खरीदने वाला शख्स एक निजी संग्रहकर्ता है जो अपनी पहचान को गुप्त रखना चाहता है। उसने एक ब्रिटिश समाचार समूह को बताया कि यह जीवन में एक बार मिलने वाला दुर्लभ अवसर था। शाही टकसाल में संग्रह सेवाओं की प्रमुख रेबेका मॉर्गन के मुताबिक इस सिक्के की रिकॉर्ड कीमत आश्चर्यचकित करने वाली नहीं है। किंग एडवर्ड-8 की तस्वीर वाला यह सिक्का बेहद दुर्लभ सिक्कों में से एक है और दुनिया में सबसे संग्रहणीय सिक्का है। शाही टकसाल के अनुसार, 22 कैरेट सोने के ये सिक्के कभी भी लोगों के लिए जारी नहीं किए गए थे और सिर्फ कुछ ही लोगों को इनके बारे में जानकारी थी।

अपने प्यार के लिए छोड़ा था शाही तख्त

किंग एडवर्ड अष्टम दो बार की तलाकशुदा वालिस सिम्पसन को दिल दे बैठे थे और उनकी दिल्लगी हर हद को पार कर गई थी। उन्होंने वालिस सिम्पसन को पाने के लिए ब्रिटिश तख्त का त्याग कर दिया था। इसके बाद उन्होंने 1936 में वालिस सिम्पसन से शादी की थी। 1984 में जन्मे एडवर्ड अष्टम ने 42 साल की उम्र में 20 जनवरी 1936 को शाही राज गद्दी संभाली और 11 महीने बाद 11 दिसंबर 1936 को शाही तख्त छोड़ दिया था। शाही प्रोटोकॉल और ब्रिटिश संविधान उन्हें इस शादी की अनुमति नहीं दे रहा था, इस वजह से उन्होंने ये कदम उठाया था। किंग एडवर्ड अष्टम की 1977 में मृत्यु हो गई और 1986 में वालिस का भी निधन हो गया।