राजनांदगांव। राजनांदगांव के बजरंगपुर नवागांव में कलार समाज के नवनिर्माण होने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में विधिवत पूजा-अर्चना कर 30 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन की आधारशिला रखी।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कलार समाज को बधाई दी और कहा कि ऐसे सामाजिक भवन लोगों को एकजुट रखने और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा, “समाज की एकजुटता, शिक्षा और जागरूकता से ही विकास को नई दिशा मिलती है। सभी की सहभागिता से ही एक समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।”
बेहतर सुविधाओं से लैस होगा नया भवन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि इस भवन के बन जाने से समाज के बंधुओं को विभिन्न आयोजनों और बैठकों के लिए शानदार सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, महापौर श्री मधुसूदन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह सामुदायिक भवन समाज की गतिविधियों के संचालन के साथ-साथ आपसी मेलजोल और सामाजिक समरसता को भी मजबूत करेगा।
नवागांव में बनने वाले इस 30 लाख रुपए के भवन के पूर्ण होने से समाज के नागरिकों को मांगलिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक सुविधाजनक एवं स्थायी स्थान मिल जाएगा।
ये गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री एमडी ठाकुर, जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्री भरत वर्मा, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री चन्द्रिका डड़सेना, श्री शिवशंकर डड़सेना, श्री गंगाराम सिन्हा सहित कलार समाज के तमाम पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।



