राजनांदगांव। छोटे शहर की प्रतिभा ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई है। शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय की 20 वर्षीय छात्रा प्रज्ञा बाम्बेश्वर ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन के ऐतिहासिक संविधान सदन (पूर्व केंद्रीय कक्ष) में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। 31 अक्टूबर 2026 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रज्ञा ने राष्ट्रीय एकता, युवा शक्ति और विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार रखे।
प्रज्ञा को यह अवसर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित MY Bharat के ‘Know Your Leader (NUI LEAD)’ कार्यक्रम के माध्यम से मिला। इस अवसर पर उन्हें लोकसभा सचिवालय का विशेष टैग भी प्रदान किया गया। महज 20 वर्ष की उम्र में संसद के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में संबोधन देना उनके लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि रही।
अपने संबोधन में प्रज्ञा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के देश की एकता और अखंडता के लिए दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ देश की विविधता में एकता और विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित कई राष्ट्रीय नेता मौजूद रहे। प्रज्ञा को इन नेताओं की उपस्थिति में कार्यक्रम में शामिल होने और उनसे मिलने का अवसर भी मिला।
प्रज्ञा MY Bharat के माध्यम से युवा सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। महाविद्यालय में भी वे शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेती रही हैं। वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति कार्यशाला में महाविद्यालय की प्रतिनिधि और युवा गतिविधियों में एम्बेसडर की भूमिका निभा चुकी हैं। मंच संचालन, वाद-विवाद और युवा संसद जैसी गतिविधियों में उनकी सहभागिता ने नेतृत्व क्षमता को निखारने में भूमिका निभाई है।
प्रज्ञा की उपलब्धि पर शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों और समस्त महाविद्यालय परिवार ने हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई दी। महाविद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बताया।



