मोहला। सियान मितान सप्ताह-2026 के तहत वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर आयोजित प्राकृतिक चिकित्सा शिविर में जिले के 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच और विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों का लाभ लिया। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित सात दिवसीय अभियान 1 से 7 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
शिविर में धमतरी स्थित श्री गायत्री आरोग्यम (आयुष) पॉली क्लिनिक के मुख्य चिकित्सक डॉ. दिनेश कुमार नाग एवं विशेषज्ञ टीम ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। माइग्रेन, उच्च रक्तचाप, शुगर, कमर और घुटनों के दर्द सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए आयुर्वेद, पंचकर्म, क्षारसूत्र सहित अन्य प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों से उपचार किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क औषधियां भी वितरित की गईं।
सियान मितान सप्ताह का आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, सहभागिता और कल्याण के उद्देश्य से किया जा रहा है। अभियान के दौरान योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, स्वास्थ्य परीक्षण, सेवा गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, साइबर अपराध एवं कानूनी जागरूकता कार्यक्रम तथा सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
अपर कलेक्टर ने चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकों से प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों और उनके सहयोगियों के लिए चाय-नाश्ता एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई थी।
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन को प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों से सियान मितान सप्ताह में सहभागी बनने की अपील की है।



