Home छत्तीसगढ़ पीएम के जन्मदिन पर सेवा का संकल्प, एक महीने चलेगा अभियान, टीम...

पीएम के जन्मदिन पर सेवा का संकल्प, एक महीने चलेगा अभियान, टीम बना सौंपी जिम्मेदारी…

3
0

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को अविस्मरणीय बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से लेकर 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के दरम्यान किए गए ऐतिहासिक कार्यों को छत्तीसगढ़ सहित देश के हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

राजनांदगांव जिले में इस कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है। भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष शामिल हैं, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देश भर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि ने बताया कि अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अलग-अलग सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा भावना को अभियान का आधार बनाकर कार्यकर्ता समाजसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों में भागीदारी करेंगे। श्री राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन की खुशी में पूरे माह अलग-अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं। इसके तहत प्राइमरी से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूलों में पीएम मोदी की उपलब्धियां थीम पर कला प्रतियोगिता आयोजित कराई जायेगी।

इसी प्रकार, पीएम के विजन पर भाषण प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। वहीं हर आंगनबाड़ी केंद्र में एक सम्मान समारोह होगा, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर प्रदेश में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीया जलेगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा के द्वारा टीम की घोषणा की गई है जो सेवा गतिविधियों को संचालित करेंगे।

महापौर के नेतृत्व में चलेगा अभियान 

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के लिए जिला स्तरीय टीम गठित की गई है। संयोजक के रूप में महापौर मधुसूदन यादव अभियान का नेतृत्व करेंगे, जबकि सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल, जिला भाजपा महामंत्री सौरभ कोठारी, श्रीमती पुष्पा गायकवाड़ और चिंटू सोनकर सदस्य बनाएं गए हैं।

अभियान की कड़ी में 9 कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां अलग-अलग टीम को सौंपीं गई है। इसके तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की  जिम्मेदारी सचिन सिंह बघेल, ‘सपनों का भारत’ विनोद खांडेकर, ‘नमो सेवा गाथा’ शरद श्रीवास्तव,  ‘आंगन का उत्सव’ श्रीमती किरण वैष्णव, ‘कहानी बदलाव की’ अभियान का जिम्मा नीलू शर्मा संभालेंगे।

इसके अलावा विकसित भारत कार्यक्रम के संयोजक अभिषेक सिंह बनाये गए हैं। वहीं सेवा ज्योति यात्रा दिनेश गांधी, जनसेवा महाकुंभ प्रदीप गांधी और सेवा मेरा अभियान कार्यक्रम के संयोजक रमेश पटेल बनाए गए हैं।