असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस चौकी सुरगी की प्रभावी कार्यवाही**
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम एवं कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 15.08.2026 को ग्राम सुरगी से सूचना प्राप्त हुई कि तोमन साहू द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न कर वाद-विवाद किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम स्थल पर शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो रही है।
सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा सूचना का सत्यापन किया। पूछताछ एवं जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित व्यक्ति नशापान करने का आदी है तथा स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न कर विवाद कर रहा था। उसके कृत्य से क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने तथा किसी संज्ञेय अपराध के घटित होने की प्रबल संभावना निर्मित हो रही थी।
उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए तोमन लाल साहू पिता खोरबाहरा साहू, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम कोटराभाठा, पुलिस चौकी सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव (छ.ग.) के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। तत्पश्चात धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर आरोपी को जिला जेल, राजनांदगांव में निरुद्ध कराया गया।
राजनांदगांव पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा सार्वजनिक कार्यक्रमों एवं राष्ट्रीय पर्वों के दौरान शांति एवं अनुशासन बनाए रखें। भविष्य में भी कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त एवं वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



