राजनांदगांव। शासकीय प्राथमिक शाला गंजपारा में 15 अगस्त का स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार उत्साह, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ यादगार बन गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामकर प्रभात फेरी निकाली और देशभक्ति के नारों से शहर को गुंजायमान कर दिया। बच्चों के चेहरे पर उत्साह और हाथों में लहराता तिरंगा पूरे आयोजन का आकर्षण रहा।
प्रभात फेरी के पश्चात विद्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रगान के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। समारोह में वार्ड पार्षद रवि सिन्हा, प्रधान पाठक राबिया सादाब, शाला के वरिष्ठ भूतपूर्व छात्र एवं समाजसेवी श्री कुशलचंद जी बैद, समाजसेवी डॉ. नरेंद्र गांधी, लायनेस ग्रुप के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, एसएमसी अध्यक्ष श्री गिरधरलाल साहू एवं सदस्यगण सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
रवि सिन्हा ने कहा—बच्चों के सपनों में ही देश का भविष्य
समारोह को संबोधित करते हुए पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल झंडा फहराने और उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि आजादी की असली कीमत तभी समझी जा सकती है, जब हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें। देश का भविष्य इन नन्हे बच्चों के हाथों में है। आज जो बच्चे विद्यालय में शिक्षा और संस्कार ग्रहण कर रहे हैं, वही कल देश की दिशा तय करेंगे।
रवि सिन्हा ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बड़े सपने देखो, मेहनत से उन्हें पूरा करो और ऐसा मुकाम हासिल करो कि तुम्हारे माता-पिता, गुरुजन, विद्यालय और पूरा शहर तुम पर गर्व करे। उन्होंने बच्चों से अनुशासन, ईमानदारी, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
राबिया शादाब के मार्गदर्शन में बच्चों ने बिखेरी देशभक्ति की छटा
विद्यालय की प्रधान पाठक राबिया शादाब के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस समारोह को आकर्षक एवं व्यवस्थित रूप दिया गया। बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों के उत्साह और विद्यालय परिवार की तैयारियों की सराहना की।
शाला के वरिष्ठ भूतपूर्व छात्र एवं समाजसेवी श्री कुशलचंद जी बैद तथा समाजसेवी डॉ. नरेंद्र गांधी ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा और संस्कार के महत्व पर प्रकाश डाला। लायनेस ग्रुप के अध्यक्ष एवं सदस्यगण तथा एसएमसी अध्यक्ष श्री गिरधरलाल साहू एवं सदस्यों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
अंत में विद्यार्थियों को मिठाई एवं प्रसाद का वितरण किया गया। तिरंगे की शान, बच्चों का उत्साह और देशभक्ति के नारों से गूंजता गंजपारा प्राथमिक शाला का परिसर स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रप्रेम की अनुपम तस्वीर पेश कर रहा था।



