Home छत्तीसगढ़ cg” बिलासपुर में 14 अगस्त को सजेगा राठौर समाज का भव्य महासम्मेलन,...

cg” बिलासपुर में 14 अगस्त को सजेगा राठौर समाज का भव्य महासम्मेलन, केंद्रीय मंत्री सहित प्रमुख जनप्रतिनिधियों को मिला न्यौता…”

2
0

बिलासपुर में 14 अगस्त को सजेगा राठौर समाज का भव्य महासम्मेलन”

केंद्रीय मंत्री सहित प्रमुख जनप्रतिनिधियों को मिला न्यौता”

वीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर की जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 14 अगस्त 2026 को बिलासपुर जिले में राठौर क्षत्रिय समाज का एक विशाल और ऐतिहासिक सामाजिक महासम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन को लेकर पूरे समाज में भारी उत्साह है और तैयारियाँ युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी सिलसिले में समाज के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल होने का आमंत्रण दिया।

प्रमुख जनप्रतिनिधियों से सौजन्य भेंट

छत्तीसगढ़ प्रांतीय राठौर क्षत्रिय सभा के कार्यकारी अध्यक्ष श्री नरेंद्र राठौर एवं राठौर क्षत्रिय समाज कल्याण समिति, जिला बिलासपुर (ग्रामीण इकाई) के अध्यक्ष श्री धनंजय सिंह राठौर के संयुक्त नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सभी नेताओं को महासम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का सादर आग्रह किया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।

राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के शौर्य को किया नमन

केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने वीर दुर्गादास राठौर के अदम्य साहस और देशभक्ति को याद करते हुए कहा कि औरंगज़ेब की विस्तारवादी नीतियों से मारवाड़ की रक्षा करने वाले वीर दुर्गादास का जीवन हमें हमेशा कर्तव्यपरायणता की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने सामाजिक उत्थान के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने बेहद आत्मीय भाव से राठौर क्षत्रिय समाज को अपना दूसरा घर बताते हुए कहा कि दुर्गादास जी की शौर्यगाथा युगों-युगों तक मातृभूमि के प्रति निष्ठा सिखाती रहेगी। पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने समाज के सकारात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रवीर दुर्गादास त्याग और स्वामी भक्ति की अप्रतिम मिसाल हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ दीं।

बाइक रैली और विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन

ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष श्री धनंजय सिंह राठौर ने मीडिया को बताया कि 14 अगस्त का दिन बिलासपुर के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। महासम्मेलन के साथ-साथ इस दिन कई बड़े कार्यक्रम होंगे, जिनमें शामिल हैं। इस अवसर पर भव्य बाइक रैली का आयोजन, विशाल सामाजिक महासम्मेलन, ऊर्जा पार्क, बिलासपुर स्थित सामाजिक भवन परिसर में सांसद निधि से स्वीकृत सभा हॉल का भूमिपूजन, लोकेश राठौर द्वारा संचालित निखिलाश्रम में सांसद निधि से बनने वाली प्रस्तावित भवन का भूमिपूजन किया जाएगा।

समाज से अधिक से अधिक संख्या में जुटने की अपील

प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नरेंद्र राठौर ने कहा कि एक ही दिन में महासम्मेलन, भव्य रैली और विकास कार्यों का भूमिपूजन होना पूरे प्रदेश के राठौर समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सभी समाजबंधुओं से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।  प्रतिनिधिमंडल का जनप्रतिनिधियों से सौजन्य भेंट के दौरान लोकेश राठौर, इंजी. नवनीत सिंह राठौर, राजकिशोर राठौर, राकेश राठौर, द्वारिका राठौर, मुकेश राठौर, अनिल राठौर, दारा सिंह राठौर, देवेन्द्र राठौर, धर्मेंद्र राठौर समेत बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ व युवा सदस्य उपस्थित थे।