Home छत्तीसगढ़ cg” डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से ही भारत बना विश्व...

cg” डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से ही भारत बना विश्व की सशक्त शक्ति – यशवंत जैन…”

2
0

“नए बस स्टैंड का नाम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखने एवं आदमकद प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव का महापौर मधुसूदन यादव ने किया समर्थन”

राजनांदगांव: भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारत की अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जन्मजयंती जिलेभर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। जिले के सभी 16 मंडलों में स्मरण दिवस एवं संगोष्ठियों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित मुख्य संगोष्ठी में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में यशवंत जैन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता की जिस विचारधारा का निर्माण किया, उसी के मार्ग पर चलकर आज भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डॉ. मुखर्जी के सपनों का भारत साकार हो रहा है। धारा 370 की समाप्ति सहित अनेक ऐतिहासिक निर्णय उनके अधूरे संकल्पों को पूर्ण करने वाले हैं। डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित, त्याग और अदम्य साहस की अमर गाथा है, जिससे प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा लेनी चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने राजनांदगांव के नवनिर्मित बस स्टैंड का नाम “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बस स्टैंड” रखने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले महापुरुष के सम्मान में यह कदम राजनांदगांव की ओर से सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस प्रस्ताव को महापौर मधुसूदन यादव ने अत्यंत गंभीरता से स्वीकार करते हुए मंच से तत्काल अपना समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने घोषणा की कि इस प्रस्ताव को राज्य शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सहयोग से इसे शीघ्र मूर्त रूप दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। महापौर ने यह भी घोषणा की कि नए बस स्टैंड परिसर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने का भी प्रयास किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ उनके राष्ट्रवादी विचारों और बलिदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अलग संविधान, अलग निशान और अलग व्यवस्था का डटकर विरोध किया तथा “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” के संकल्प के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति और अखंड भारत के संकल्प का अमर प्रतीक है।

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष पुष्पा गायकवाड़ ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सौरभ कोठारी ने तथा आभार प्रदर्शन आभा तिवारी ने किया।

इस अवसर पर भरत वर्मा, दिनेश गांधी, सचिन बघेल, पूर्णिमा साहू, मनोज निर्वाणी, तरुण लहरवानी, राजा मखीजा, रवि सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। *पंडवानी गायिका तीजन बाई को भी श्रद्धांजलि दी गई* संगोष्ठी सभा में छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पदम श्री पदम विभूषण तीजन बाई के दुखद निधन को छत्तीसगढ़ की बडी छति बताते हुए 2 मिनट की मौन श्रद्दांजलि दी गई।