Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं…

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएं…

2
0

– श्रीमती दुरपति बाई बंजारे के दोनों बेटियों का नाम राशन कार्ड में जुड़ा’
– श्रीमती नंदा झरिया के लंबित भूमि नामांतरण का हुआ समाधान’
– ग्राम पीटेपानी निवासी श्री टुकुनराम गोंड के निजी भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा’
– जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के दिए निर्देश’

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं मांगे सुनी। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनसामान्य अपनी अपेक्षाओं और विश्वास के साथ प्रशासन के पास पहुंचते हैं, इसलिए प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए तथा आवेदनों के निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

डोंगरगढ़ तहसील के ग्राम चीरपानी निवासी श्रीमती दुरपति बाई बंजारे के कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उनकी दोनों बेटियों का नाम राशन कार्ड में दर्ज किया गया। इसी तरह डोंगरगढ़ निवासी श्रीमती नंदा झरिया ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत किया। श्रीमती नंदा झरिया का लगभग 15 वर्षों से लंबित भूमि नामांतरण संबंधी समस्या का सफलतापूर्वक समाधान किया गया। शिवनाथ वार्ड राजनांदगांव के नागरिकों द्वारा प्रस्तुत शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शिवनाथ नदी स्थित महिला घाट के समीप शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया। लाल बहादुर नगर तहसील के ग्राम पीटेपानी निवासी श्री टुकुनराम गोंड के निजी भूमि में अवैध रूप से कब्जा करने के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर जिला प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए निजी भूमि से कब्जामुक्त कराया गया।

जनदर्शन में सीमांकन, नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अर्जन से संबंधित प्रकरण, अवैध अतिक्रमण हटाने, नजूल भूमि संबंधी मामलों, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राजस्व अभिलेखों में सुधार संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा नागरिकों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं के समाधान के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।