Home छत्तीसगढ़ घुमका में भाजपा के पक्ष में बन रहा जबरदस्त माहौल, किरण वर्मा...

घुमका में भाजपा के पक्ष में बन रहा जबरदस्त माहौल, किरण वर्मा की जीत तय — मधुसूदन यादव…

3
0

नगर पंचायत घुमका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के चुनाव संयोजक, पूर्व सांसद, महापौर एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन यादव लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क, बैठकें एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बना रहे हैं। भीषण गर्मी और व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद भाजपा नेता लगातार वार्डों एवं मोहल्लों में पहुंचकर जनता से सीधा संपर्क कर रहे हैं।

इस दौरान भाजपा की नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी किरण वर्मा के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए मधुसूदन यादव ने कहा कि घुमका के विकास, स्वच्छ प्रशासन और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए भाजपा की जीत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है और नगर पंचायत घुमका में भी विकास की नई दिशा भाजपा ही दे सकती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को जनता का भरपूर समर्थन एवं आशीर्वाद मिल रहा है। महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों में भाजपा के प्रति विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। जनता अब विकास, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व के पक्ष में मतदान करने का मन बना चुकी है।

मधुसूदन यादव ने दावा किया कि नगर पंचायत घुमका में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और अध्यक्ष पद सहित अधिकांश वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा का विजय रथ लगातार आगे बढ़ रहा है।

श्री यादव ने आगे कहा कि भाजपा की जीत इसलिए भी सुनिश्चित और सुरक्षित महसूस होती है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा जमीन से जुड़े मुद्दों, आम जनता की तकलीफों और मूलभूत आवश्यकताओं को प्रत्यक्ष रूप से महसूस कर कार्य किया है। भाजपा ने देश और प्रदेश में विकास का एक मजबूत मॉडल स्थापित किया है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों तक उनकी मौलिक जरूरतों को योजनाओं के जरिए पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने सीधे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। अमृत जल मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, किसानों को पंप कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, प्रधानमन्त्री आवास, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को आवास एवं  स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता, किसानों के लिए सिंचाई हेतु मुफ्त  बिजली सुविधा, ₹3100 प्रति क्विंटल (21 क्विंटल)धान खरीदी, महतारी वंदन योजना, लखपति दीदी योजना एवं महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण जैसे अनेक कार्यों ने भाजपा को जनता के दिलों तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज आम जनता भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जता रही है तथा नगर पंचायत घुमका में भी भाजपा के पक्ष में मजबूत जनसमर्थन दिखाई दे रहा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी घर-घर पहुंचकर पार्टी की रीति-नीति एवं केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई तथा भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।