एमजी मैजेस्टर डीजल SUV में ट्विन टर्बो इंजन, शानदार राइड क्वालिटी और दमदार रोड प्रेजेंस मिलता है. आइए जानें शहर और हाईवे पर इसकी परफॉर्मेंस कैसी है.
एमजी मैजेस्टर भारतीय बाजार में ऐसे समय आई है जब बड़ी और दमदार एसयूवी की मांग तेजी से बढ़ रही है. इस सेगमेंट में अभी बहुत कम विकल्प मौजूद हैं और ज्यादातर बाजार पर एक ही कंपनी का दबदबा देखने को मिलता है. ऐसे में मैजेस्टर अपने ट्विन टर्बो डीजल इंजन, 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और नए 4×4 सिस्टम के साथ खुद को अलग साबित करने की कोशिश करती है. हमने पहले इसे ऑफरोड पर टेस्ट किया था, लेकिन इस बार इसका असली एक्सपीरियंस शहर और हाईवे ड्राइव में देखने को मिला.
बड़ी SUV, लेकिन अंदर से प्रीमियम अहसास
मैजेस्टर का आकार काफी बड़ा है और पहली नजर में इसकी रोड प्रेजेंस प्रभावित करती है. हालांकि, ऊंचाई ज्यादा होने के कारण अंदर चढ़ने में थोड़ा प्रयास करना पड़ता है, लेकिन ग्रैब हैंडल्स मदद करते हैं. केबिन में बैठते ही इसका स्पोर्टी और प्रीमियम लुक ध्यान खींचता है. कंपनी ने पुराने बेज इंटीरियर की जगह ब्लैक थीम दी है, जो इसे ज्यादा मॉडर्न बनाती है. केबिन में अच्छी क्वालिटी का इस्तेमाल किया गया है और सभी बटन सही जगह पर मिलते हैं. इसमें थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 360 डिग्री कैमरा और कई मॉडर्न फीचर्स दिए गए हैं. दूसरी पंक्ति में बैठने वालों के लिए काफी ज्यादा जगह मिलती है और यह फॉर्च्यूनर से भी ज्यादा आरामदायक फील होती है.
शहर में ड्राइव करना कितना आसान?
इतनी बड़ी SUV होने के बावजूद मैजेस्टर को शहर में चलाना उतना मुश्किल नहीं लगता. इसका हल्का स्टीयरिंग सबसे ज्यादा प्रभावित करता है, क्योंकि इससे ट्रैफिक और पार्किंग में काफी आसानी होती है. ड्राइविंग सीट ऊंची है, जिससे सड़क का शानदार व्यू मिलता है और ड्राइवर को पूरा SUV वाला एक्सपीरियंस मिलता है. 2.0 लीटर ट्विन टर्बो डीजल इंजन शुरुआत में काफी शांत फील होता है. हालांकि, कम स्पीड पर थोड़ा टर्बो लैग जरूर देखने को मिलता है, लेकिन एक बार स्पीड बढ़ने के बाद इसकी ताकत साफ महसूस होती है.
हाईवे और खराब सड़कों पर कैसा है एक्सपीरियंस?
मैजेस्टर की राइड क्वालिटी इसकी सबसे बड़ी ताकत है. खराब सड़कें, गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ रास्ते यह आसानी से पार कर लेती है. हाई ग्राउंड क्लीयरेंस के कारण ड्राइवर को ज्यादा चिंता नहीं करनी पड़ती. हाईवे पर इसका 215 बीएचपी इंजन दमदार प्रदर्शन करता है. तेज रफ्तार पर भी SUV काफी स्थिर रहती है और लंबे सफर में आराम देती है. हालांकि, तेज ड्राइविंग के दौरान थोड़ा बॉडी रोल फील होता है, लेकिन इतनी बड़ी लैडर-फ्रेम SUV के हिसाब से यह सामान्य बात है.
क्या खरीदना सही रहेगा?
अगर आप एक बड़ी, मजबूत और आरामदायक SUV चाहते हैं, जो शहर और हाईवे दोनों जगह अच्छा एक्सपीरियंस दे, तो एमजी मैजेस्टर एक शानदार विकल्प बन सकती है. इसकी हल्की स्टीयरिंग, दमदार इंजन और आरामदायक राइड इसे खास बनाते हैं. हालांकि, माइलेज लगभग 8-9 किमी प्रति लीटर तक ही मिलता है, लेकिन इस आकार और ताकत वाली SUV के लिए यह सामान्य माना जा सकता है.



