Home छत्तीसगढ़ इग्नाइट स्कूल गंजपारा में केंद्रीय टीम का निरीक्षण, विकास कार्यों एवं नवाचारों...

इग्नाइट स्कूल गंजपारा में केंद्रीय टीम का निरीक्षण, विकास कार्यों एवं नवाचारों की सराहना…

1
0

राजनांदगांव: इग्नाइट स्कूल, गंजपारा में आज केंद्रीय टीम द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने विद्यालय में विगत वर्षों में छात्र हित एवं शाला हित को ध्यान में रखते हुए किए गए शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं नवाचारपूर्ण कार्यों का अवलोकन किया और उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।

निरीक्षण के दौरान टीम ने विशेष रूप से विद्यार्थियों के नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल में चयन, खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी को सराहा। विद्यालय में संचालित स्टूडेंट हैंडबुक, बैगलेस डे, जुम्बा एवं व्यायाम, आर्ट एंड क्राफ्ट, शैक्षणिक भ्रमण, एवं विद्यालय की प्रथम पत्रिका “इग्नाइट” जैसे प्रयासों को भी सराहनीय बताया गया।

विद्यालय में विगत वर्षों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। इनमें प्रमुख रूप से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता एवं कहानी गतिविधियाँ, आर्ट एंड क्राफ्ट (चार्ट एवं मॉडल निर्माण) तथा “कर के सीखो” गतिविधियाँ शामिल हैं।

बैगलेस डे के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए जुम्बा, व्यायाम एवं रोचक गतिविधियों का आयोजन कर सीखने को आनंदमय बनाया जा रहा है।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विद्यालय में किचन गार्डन एवं ईको क्लब का संचालन किया जा रहा है। वहीं नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से हेड बॉय, हेड गर्ल, कक्षा कैप्टन एवं सेकंड कैप्टन का चयन किया जाता है तथा विद्यार्थियों को मेडिकल, हेल्थ, सफाई, मेंटेनेंस एवं मिड-डे मील (MDM) की जिम्मेदारियाँ सौंपकर उनमें प्रबंधन कौशल विकसित किया जाता है।

विद्यालय द्वारा समय-समय पर शैक्षणिक भ्रमण, जैसे भिलाई स्थित मैत्री गार्डन की यात्रा का आयोजन किया गया। साथ ही कक्षा 4 के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 5 के विद्यार्थियों को विदाई समारोह देना अनुशासन एवं आपसी स्नेह का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इसके अतिरिक्त बाल मेला, स्टूडेंट डेली डायरी एवं वार्तालाप अभ्यास, तथा समर क्लासेस का आयोजन भी नियमित रूप से किया जाता है।

विद्यालय के भूतपूर्व छात्र, जो वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं, उन्हें एलुमनाई मीट के माध्यम से विद्यालय से जोड़ा जा रहा है। उनके प्रेरक विचार एवं मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

विद्यालय की उपलब्धियों एवं विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों को समाहित करते हुए शाला की प्रथम पत्रिका “इग्नाइट” का विमोचन भी किया गया, जिसमें एसएमसी एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने यह भी रेखांकित किया कि विद्यालय के विकास में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। भूतपूर्व छात्रों, स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) एवं समाज के जागरूक नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा है। विशेष रूप से महापौर मधुसूदन यादव पार्षद रवि सिन्हा के सहयोग को उल्लेखनीय बताते हुए टीम ने उनकी सक्रिय भागीदारी की प्रशंसा की।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती राबिया शादाब एवं समस्त शिक्षकों के समर्पित प्रयासों को टीम ने विद्यालय की प्रगति का आधार बताया और भविष्य में भी इसी प्रकार नवाचार एवं गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।