Home छत्तीसगढ़ CG: कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों की तैयारी...

CG: कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों की तैयारी के संबंध में ली बैठक…

2
0

– 4 मई से 10 जून तक जिले के 62 स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर
– अधिकारियों को दी आवश्यक दिशा-निर्देश

राजनांदगांव: कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले जनसमस्या निवारण शिविरों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि 4 मई से 10 जून 2026 तक जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 62 स्थानों पर अलग-अलग तिथियों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने शिविरों में जनसामान्य से प्राप्त समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने अधिकारियों को निर्देशित किया।

कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार शासन का एक महत्वपूर्ण जनहितकारी अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने शिविरों में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर गुणवत्तापूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभाग से संबंधित अद्यतन जानकारी के साथ शिविरों में उपस्थित रहने तथा जनसामान्य को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा आदि सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि जनसामान्य को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित तिथियों में संबंधित शिविर स्थलों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ कार्य करें।

बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, आयुक्त नगर निगम श्री अतुल विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।