Home देश नीले फूलों से भर जाएगी बालकनी, अप्रैल की गर्मी में ऐसे उगाएं...

नीले फूलों से भर जाएगी बालकनी, अप्रैल की गर्मी में ऐसे उगाएं अपराजिता का पौधा…

3
0

अपराजिता को बीज से उगाना बहुत ही आसान है और अगर आप सही तरीका अपनाएं तो मात्र 10 दिनों में नन्हा पौधा बाहर आ जाता है. सबसे पहले अच्छी क्वालिटी के सूखे हुए बीज लें, जो आपको किसी पुरानी बेल या नर्सरी से मिल जाएंगे.

बीजों को लगाने से पहले अगर आप इन्हें कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें, तो अंकुरण की प्रक्रिया काफी तेज हो जाती है.

मिट्टी तैयार करते समय ध्यान रखें कि वह वेल-ड्रेंड होनी चाहिए ताकि इसमें पानी जमा न हो. आप सामान्य बगीचे की मिट्टी में थोड़ा सा गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट और रेत मिला सकते हैं. यह मिक्सचर पौधे की जड़ों को फैलने के लिए जरूरी पोषण और सही हवा देता है. अप्रैल की तपती धूप में मिट्टी का उपजाऊ होना पौधे को मजबूती देता है.

बीज बोते समय उन्हें मिट्टी में बहुत ज्यादा गहराई में न दबाएं. बस आधा इंच नीचे रखना काफी होता है. बीज डालने के बाद ऊपर से हल्की मिट्टी की परत बिछा दें और स्प्रे बोतल से हल्का पानी दें. ज्यादा पानी डालने से बीज सड़ सकते हैं. इसलिए सिर्फ नमी बनाए रखना ही काफी है. सही नमी मिलने पर बीज बहुत जल्दी रिस्पॉन्स देते हैं.

एक बार जब पौधा निकल आए. तो इसे ऐसी जगह रखें जहां सुबह की 4-5 घंटे की अच्छी धूप मिले. अपराजिता एक बेल है इसलिए इसे ऊपर चढ़ने के लिए किसी लकड़ी, रस्सी या जाली का सहारा जरूर दें. जैसे-जैसे बेल ऊपर चढ़ेगी. आपकी बालकनी नीले और सफेद फूलों से पूरी तरह भर जाएगी. जो तपती गर्मी में ठंडक का एहसास कराएगी.

पौधे की बेहतर ग्रोथ के लिए हर 15-20 दिन में थोड़ी जैविक खाद डालते रहें. अप्रैल और मई की तेज दोपहर में मिट्टी जल्दी सूख जाती है. इसलिए शाम के वक्त पानी देना सबसे अच्छा रहता है. ध्यान रखें कि पौधे पर ओवर-वॉटरिंग न हो, वरना इसकी पत्तियां पीली पड़ सकती हैं. थोड़ी सी देखभाल से यह बेल सालों-साल चलती रहती है.

अपराजिता न सिर्फ एक सजावटी पौधा है. बल्कि आयुर्वेद में भी इसके कई फायदे बताए गए हैं. इसके फूलों की चाय आजकल काफी पॉपुलर हो रही है जो स्ट्रेस दूर करने में मदद करती है. तो बस इस अप्रैल अपने हाथों से यह पौधा लगाएं और सिर्फ 10 दिनों में अपनी आंखों के सामने हरियाली को पनपते हुए देखने का आनंद लें.