राजनांदगांव। भाजपा का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को जिला भाजपा कार्यालय में बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की शुरूआत ध्वजारोहण और वंदे मातरम के साथ हुई। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने झंडारोहण कर, अपने पुरोधाओं को नमन किया। भाजपा नेताओं ने स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस मौके पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने कहा कि राष्ट्रवाद का जो बीज 1951 में बोया गया था, वह आज वटवृक्ष बनकर पूरे देश में खड़ा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो अपने स्वार्थ से पहले “राष्ट्र सर्वोपरि” के सिद्धांत पर काम करती है। श्री पारख ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा का गठन हुआ था और आज समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर यह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की यात्रा केवल एक राजनैतिक दल की यात्रा नही है बल्कि राष्ट्र निर्माण की सतत विचाधार का सतत प्रवाह है।
‘उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवाए समर्पण और संगठन की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग तक पार्टी की नीतियों और योजनाओं को पहुंचाएं।”
स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचार और अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है।
इन महान नेताओं के आदर्शों ने भाजपा को एक सशक्त वैचारिक आधार प्रदान किया है जो आज भी संगठन को दिशा देने का कार्य कर रहा है। जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यह मुकाम कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण हासिल हुआ है।
उन्होंने पार्टी के मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” को दोहराते हुए कहा कि भाजपा लगातार देश और समाज के विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता सुरेश एच लाल व योगेश दत्त मिश्रा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन भावेश बैद ने किया वहीं आभार भाजपा उपाध्यक्ष तरुण लहरवानी ने किया। इस मौके पर सचिन सिंह बघेल, रमेश पटेल, अशोक चौधरी, प्रकाश सांखला, जिला महामंत्री सौरभ कोठारी, बंटी लाल, रोहित चंद्राकर, पूर्णिमा साहू, रेखा मेश्राम सहित मंडल के अध्यक्ष पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा जिला कार्यालय में लाइटिंग की गई। फूल मालाओं से सजावट हुई। रंगोलियां बनाई गई। भाजपा का कमल का फूल भी बनाया गया।
12 तक चलेगा गांव चलो, बस्ती चलों अभियान
भारतीय जनता पार्टी का 47 वां स्थापना दिवस राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जिला कार्यालय के साथ-साथ मंडल एवं बूथ स्तर पर मनाया गया। भाजपा जिला कोषाध्यक्ष और स्थापना दिवस के जिला संयोजक भावेश बैद ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर बीजेपी 7 से 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में ‘ गांव-बस्ती चलो अभियान ‘ चलाएगी। इस अभियान के दौरान बीजेपी के सभी जनप्रतिनिधि सांसद, विधायक, मेयर और नगर पालिका अध्यक्षों से लेकर पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और नेता शामिल होंगे। इस दौरान वह गांव जाकर शासन की योजनाओं के हितग्राहियों और आम लोगों से संवाद करेंगे।



