केरल में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि सबरीमाला सोना चोरी मामले में उन्होंने राज्य की माकपा सरकार के खिलाफ कुछ नहीं बोला.
उनके इस आरोप पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पलटवार किया और करारा जवाब दिया है. बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए एक वीडियो शेयर किया.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली को संबोधित करते हैं, तो वह मंदिर, ईश्वर और धर्म के बारे में लंबे भाषण देते हैं, लेकिन जब केरला के सबरीमाला मंदिर से माकपा नेता सोने की चोरी करते हैं, तो पीएम मोदी इस पर कुछ नहीं बोलते हैं.
बीजेपी ने राहुल गांधी के इन आरोपों पर करार जवाब देते हुए, पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी स्पष्ट रूप से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात करते हुए नजर आ रहे हैं. बीजेपी की ओर से जारी वीडियो 23 जनवरी 2026 का है, जब पीएम मोदी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि एलडीएफ की सरकार ने सबरीमाला मंदिर की परंपराओं को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. पीएम मोदी ने कहा था कि अभी मंदिर से सोना चोरी होने की खबरें आ रही हैं.
पीएम मोदी ने कहा था, ‘मंदिर में से भगवान के पास से सोने की चोरी… मैं एक बात स्पष्ट कहना चाहता हूं, यहां (केरल) बीजेपी की सरकार बनते ही आरोपों की सही जांच होगी और दोषियों की जगह जेल में होगी और ये मोदी की गारंटी है.’ केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर से सोना चोरी का एक मामला सामने आया है. आरोप है कि मंदिर के गर्भगृह और मूर्तियों पर चढ़े करीब 4.5 किलो से अधिक सोने की हेराफेरी की गई.
जांच एजेंसियों, खासकर एसआईटी और ईडी की पड़ताल में मुख्य पुजारी कंदरारु राजीवरु समेत पूर्व पदाधिकारियों सहित 13 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है आरोपों में सामने आया है कि मंदिर के तांबे के दरवाजों पर सोने की परत चढ़ाने के नाम पर धोखाधड़ी की गई है.



