रायपुर : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 : पुरुष वर्ग हॉकी में छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड एवं मध्यप्रदेश ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

हॉकी महिला वर्ग में मिजोरम, मध्यप्रदेश, झारखंड व ओडिशा सेमीफाइनल में
छत्तीसगढ़ ने शानदार आक्रामक खेल का किया प्रदर्शन
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पांचवें दिन महिला हॉकी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मिजोरम, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का परिचय देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दिन के मुकाबलों में गुजरात ने तमिलनाडु को 10-1 से पराजित किया, जबकि ओडिशा ने झारखंड को रोमांचक मुकाबले में 5-4 से हराया। मिजोरम ने मध्यप्रदेश को 6-0 से शिकस्त दी और छत्तीसगढ़ ने बिहार को 9-0 से हराते हुए शानदार जीत दर्ज की। बेहतर प्रदर्शन के बावजूद गुजरात और छत्तीसगढ़ की टीमें सेमीफाइनल में स्थान नहीं बना सकीं। सेमीफाइनल में झारखंड का मुकाबला मिजोरम से तथा मध्यप्रदेश का सामना ओडिशा से होगा।
पुरुष हॉकी में भी मुकाबले बेहद एकतरफा और आक्रामक रहे। ओडिशा ने असम को 12-1 से हराया, मध्यप्रदेश ने गोवा को 11-2 से परास्त किया, झारखंड ने कर्नाटक को 3-1 से मात दी तथा छत्तीसगढ़ ने आंध्रप्रदेश को 7-0 से हराते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस प्रकार पुरुष वर्ग में ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश ने अंतिम चार में जगह बनाई है।
छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने आंध्रप्रदेश के खिलाफ अपने मुकाबले में बेहद आक्रामक खेल दिखाया। मैच के पहले ही मिनट में गोल दागते हुए टीम ने विपक्ष पर दबाव बना दिया और पहले क्वार्टर में 3-0 की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। पूरे मैच में टीम का तालमेल, गति और रणनीति प्रभावशाली रही, जिससे 7-0 से एकतरफा जीत सुनिश्चित हुई।
सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी सबकी नजरें
हॉकी प्रतियोगिता में अब मुकाबला और भी रोमांचक होने जा रहा है। सेमीफाइनल में पहुंची टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी। खिलाड़ियों का उत्साह और प्रदर्शन खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का मुकाबला ओडिशा से तथा झारखंड का सामना मध्यप्रदेश से होगा।
रायपुर : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 : बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में असम ने सिक्किम और तमिलनाडु ने आंध्रप्रदेश को 3-0 से किया पराजित

छत्तीसगढ़ सहित झारखंड, अरुणाचलप्रदेश, गुजरात पहुंचे सेमीफाइनल में
5वें दिन फुटबॉल में असम और तमिलनाडु ने दिन किया अपने नाम, पर सेमीफाइनल से चुके
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत आयोजित बालिका वर्ग फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन रोमांच और प्रतिस्पर्धा का उच्च स्तर देखने को मिला। विभिन्न राज्यों की टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित करने के लिए जोरदार संघर्ष किया।
स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा रायपुर में खेले गए मुकाबले में असम की टीम ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए सिक्किम को 3-0 से पराजित किया। मैच के दौरान असम की खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को कोई अवसर नहीं दिया।
इसी प्रकार पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मुकाबले में तमिलनाडु की टीम ने आंध्रप्रदेश को 3-0 से हराकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। तमिलनाडु के खिलाड़ियों ने सधे हुए पासिंग, मजबूत डिफेंस और प्रभावी आक्रमण के दम पर मैच को पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ और झारखंड की टीमों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। छत्तीसगढ़ ने ग्रुप ‘ए’ में अपने सभी मैच जीतकर अपराजेय रहते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया, वहीं झारखंड ने ग्रुप ‘बी’ में शानदार खेल दिखाते हुए सभी मुकाबलों में विजय हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अन्य टीमों में अरुणाचल प्रदेश और गुजरात ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में अपनी जगह बनाई। इस प्रकार अब सेमीफाइनल मुकाबलों की रूपरेखा स्पष्ट हो चुकी है, जिसमें छत्तीसगढ़ का अगला मुकाबला अरुणाचल प्रदेश से तथा झारखंड का सामना गुजरात से होगा। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के इस आयोजन में जनजातीय अंचलों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्राप्त हो रहा है।
‘मोरवीर‘ के साथ युवाओं ने खेले मनोरंजक खेल
रविवार की छुट्टी के चलते आज मैदान पर बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और खेल प्रेमियों ने शिरकत की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के मैस्कॉट मोरवीर के साथ युवा एवं बच्चे मनोरंजक खेल खेलते एवं सेल्फी लेते नजर आए। जहां सभी ने आकर्षक खेलों और क्विज का आनंद लिया। इस बार का मैस्कॉट मोरवीर छत्तीसगढ़ी शब्दों ‘मोर’ (हमारा) और ‘वीर’ (बहादुरी) से बना है, और यह भारत के जनजातीय समुदायों के गर्व, भावना और पहचान का प्रतीक है।
रायपुर : जगदलपुर में सोमवार से शुरू होगा ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का एथलेटिक्स रोमांच
छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक धरोहर के केंद्र बस्तर में सोमवार से खेलों का एक नया इतिहास लिखा जाने वाला है। ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ के प्रथम संस्करण के तहत रायपुर में हुए भव्य उद्घाटन के बाद अब खेल प्रेमियों की नजरें जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर पर टिकी हैं, जहाँ 30 मार्च से एथलेटिक्स की रोमांचक स्पर्धाएं शुरू होने जा रही हैं। इस आयोजन का शुभंकर ‘मोर वीर’ जनजातीय युवाओं के अदम्य साहस और ऊर्जा का प्रतिनिधित्व कर रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शुरू हुआ यह महाकुंभ अब अपने सबसे प्रतीक्षित चरण में प्रवेश कर रहा है, जिसमें देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 443 प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
बस्तर में आयोजित होने वाली एथलेटिक्स स्पर्धाओं में कुल 17 विधाएं शामिल हैं, जिनमें 100 मीटर की फर्राटा दौड़ से लेकर 10,000 मीटर की लंबी दूरी की रेस, हर्डल्स, रिले रेस, और ऊँची व लंबी कूद जैसी श्रेणियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पहले ही दिन डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और 110 मीटर हर्डल्स जैसे फाइनल मुकाबले देखने को मिलेंगे। शाम होते-होते 400 मीटर और रिले रेस के रोमांच के बीच विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। इस पूरे आयोजन के दौरान एथलेटिक्स में कुल 102 पदकों के लिए खिलाड़ी पसीना बहाएंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 33 स्थानीय खिलाड़ी भी राज्य का मान बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
प्रशासनिक स्तर पर इस आयोजन को ‘खेलो इंडिया’ के अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में खिलाड़ियों के आवास के लिए शहर के 13 प्रमुख होटलों को चिन्हित किया गया है, जबकि उनके आवागमन के लिए एसी वाहनों की सुविधा सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा, चिकित्सा और अग्निशमन की पुख्ता व्यवस्था के साथ-साथ पर्यटन विभाग द्वारा आगंतुक खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स को बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि वे खेल के साथ-साथ यहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य और अनूठी संस्कृति से भी रूबरू हो सकें। भारतीय खेल प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आयोजित यह स्पर्धा न केवल जनजातीय प्रतिभाओं को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगी, बल्कि बस्तर की वैश्विक छवि को एक खेल गंतव्य के रूप में भी स्थापित करेगी।
रायपुर : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 : कुश्ती स्पर्धा के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित गांधी स्टेडियम में आयोजित कुश्ती स्पर्धा के दूसरे दिन देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और दमखम के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए जीत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के प्रमुख फाइनल मुकाबलों में महिला सीनियर 50 किलोग्राम भारवर्ग में झारखंड की पूनम ओराँव ने तेलंगाना की के. गीता को 6-3 से पराजित किया, जबकि महिला सीनियर 62 किलोग्राम में हिमाचल प्रदेश की प्रियंका चौधरी ने असम की देबी दैमारी को 11-0 से हराया। पुरुष वर्ग में ग्रीको रोमन सीनियर 67 किलोग्राम में झारखंड के अंजीतकर मुंडा ने गुजरात के वसावा मुकेशभाई को 9-0 से हराया तथा 97 किलोग्राम में हिमाचल प्रदेश के नवीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के शमा हुन को 8-0 से मात दी। वहीं फ्रीस्टाइल सीनियर 74 किलोग्राम में जम्मू-कश्मीर के मुनैर हुसैन ने महाराष्ट्र के विक्रम साहेबराव पवार को 11-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पदक विजेताओं में महिला 50 किलोग्राम वर्ग में पूनम ओराँव ने स्वर्ण, के. गीता ने रजत तथा चंचला कुमारी और रूपतालिन ने कांस्य पदक प्राप्त किया। महिला 62 किलोग्राम वर्ग में प्रियंका चौधरी को स्वर्ण, देबी दैमारी को रजत तथा चांदनी नरेती और अनिशा बासुमातारी को कांस्य पदक मिला। पुरुष वर्ग में ग्रीको रोमन 67 किलोग्राम में अंजीतकर मुंडा ने स्वर्ण, वसावा मुकेशभाई ने रजत तथा आकाश करदोंग और अक्षय कुमार ने कांस्य पदक जीता। 97 किलोग्राम वर्ग में नवीश कुमार को स्वर्ण, शमा हुन को रजत और साहिल चौधरी को कांस्य पदक मिला।
फ्रीस्टाइल 74 किलोग्राम में मुनैर हुसैन ने स्वर्ण, विक्रम साहेबराव पवार ने रजत तथा अंकुश कुमार और अम्रुत फक्कीरप्पा ने कांस्य पदक हासिल किया। इसी प्रकार फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम में महाराष्ट्र के विनोद यशवंत सलाकार ने स्वर्ण, राजस्थान के अमित कुमार मीना ने रजत तथा हिमाचल प्रदेश के हरपाल सिंह ने कांस्य पदक जीता।
कुश्ती स्पर्धा के दूसरे दिन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, तकनीकी कौशल और खेल भावना ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के आयोजन को सफल बनाया।
रायपुर : प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 : झारखंड की पूनम उरांव ने रचा इतिहास

50 किलोग्राम कुश्ती में जीता पहला स्वर्ण पदक
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में झारखंड की प्रतिभावान खिलाड़ी पूनम उरांव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 किलोग्राम भारवर्ग की कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। चतरा जिले की निवासी पूनम ने अपनी जीत से न केवल अपने राज्य, बल्कि उरांव जनजाति का भी गौरव बढ़ाया है।
पूनम की यह उपलब्धि उनके संघर्ष, धैर्य और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। वर्ष 2019 में दिल्ली नेशनल प्रतियोगिता के दौरान लगी गंभीर चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक कुश्ती से दूर रहना पड़ा था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत के दम पर शानदार वापसी की। प्रतियोगिता के दौरान मांसपेशियों पर टेपिंग के बावजूद पूनम ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को तकनीक और मानसिक मजबूती के बल पर पराजित किया। अपनी जीत पर भावुक होते हुए पूनम ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है तथा लंबे अंतराल और कठिन संघर्ष के बाद यह सफलता उनके और उनके परिवार के लिए बेहद खास है।
एक साधारण किसान परिवार से आने वाली पूनम उरांव वर्तमान में रांची स्थित खेलगांव में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके पिता ने ही उन्हें कुश्ती के ट्रायल्स में भाग लेने के लिए प्रेरित किया था। पूनम ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच और परिवार को देते हुए कहा कि कठिन समय में मिले सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद पूनम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। उनका अगला लक्ष्य छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना है, ताकि वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगा लहरा सकें।
प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में पूनम उरांव की यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।



