– राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
– राजस्व प्रकरणों का करें समय-सीमा में निराकरण
– गर्मी को देखते हुए पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें
राजनांदगांव: संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव उपस्थित थे।
संभागायुक्त श्री राठौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व से संबंधित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में किसी भी प्रकरण में बिना दोनों पक्षों की सुनवाई के आदेश जारी न किया जाए। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद ही नियमानुसार आदेश जारी किए जाएं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने बैठक में नक्शा बटांकन, नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार और समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने नगरीय निकायों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए शहरों में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नगरों में प्रतिदिन साफ-सफाई कराने तथा नालियों की समय रहते सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकंडेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा सहित राजस्व एवं नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।



