भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिसके कारण कई लोग अब इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं. अब बाजार में कई ऐसी EV कारें उपलब्ध हैं जो कीमत में भी किफायती हैं और अच्छी रेंज भी देती हैं.
अगर आप पेट्रोल के खर्च से बचना चाहते हैं तो कुछ सस्ती और लंबी रेंज वाली इलेक्ट्रिक कारें आपके लिए अच्छा विकल्प बन सकती हैं. आइए इन इलेक्ट्रिक कारों की फाचर्स और कीमत पर नजर डालते हैं.
Tata Punch EV
टाटा मोटर्स की Punch EV इस समय भारत की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक SUV में से एक मानी जाती है. इसके फेसलिफ्ट मॉडल की शुरुआती कीमत लगभग 9.69 लाख से शुरू होती है. नई Punch EV में बड़ा बैटरी पैक दिया गया है जिसकी वजह से इसकी रेंज लगभग 468 किलोमीटर तक बताई जाती है. ये कार उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प है जो पेट्रोल वाली सब-4 मीटर SUV के बजाय इलेक्ट्रिक विकल्प चाहते हैं. इसमें बैटरी रेंटल यानी BaaS का विकल्प भी मिलता है, जिससे कार की शुरुआती कीमत और कम हो जाती है.
MG Windsor EV भी एक अच्छा और प्रैक्टिकल विकल्प माना जाता है. इसकी कीमत लगभग 12 लाख से कम रखी गई है, जबकि BaaS मॉडल की कीमत करीब 10 लाख से कम हो सकती है. इस इलेक्ट्रिक कार में काफी अच्छा स्पेस मिलता है. इसकी रेंज स्टैंडर्ड मॉडल में लगभग 331 किलोमीटर और बड़े बैटरी पैक वाले प्रो मॉडल में लगभग 449 किलोमीटर तक बताई जाती है.
Maruti Suzuki e Vitara
मारुति सुजुकी की पहली इलेक्ट्रिक SUV e Vitara को लेकर बाजार में काफी उत्साह देखा जा रहा है. इसकी शुरुआती कीमत लगभग 15.99 लाख बताई जा रही है, जबकि BaaS मॉडल करीब 10.99 लाख से शुरू हो सकता है. इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबी रेंज और मजबूत सर्विस नेटवर्क है. e Vitara लगभग 543 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम बताई जाती है.
VinFast VF7 एक स्टाइलिश और प्रीमियम इलेक्ट्रिक SUV के रूप में सामने आई है. कंपनी इसे कई ऑफर्स, डिस्काउंट और फ्री चार्जिंग जैसी फीचर्स के साथ पेश कर रही है. इसकी शुरुआती कीमत लगभग 20.89 लाख बताई जाती है. VF7 की रेंज लगभग 438 किलोमीटर से 532 किलोमीटर के बीच हो सकती है. खास बात यह है कि इसका डिजाइन और परफॉर्मेंस इसे बाकी EV कारों से अलग बनाते हैं.
Mahindra XEV 9S
Mahindra XEV 9S भी एक बड़ी और प्रैक्टिकल इलेक्ट्रिक SUV मानी जाती है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 20 लाख से कम बताई जाती है. इसमें काफी बड़ा केबिन, मॉडर्न फीचर्स और ट्रिपल स्क्रीन सेटअप जैसे टेक्नोलॉजी मिलते हैं. इस इलेक्ट्रिक SUV की रेंज लगभग 521 किलोमीटर से 679 किलोमीटर तक बताई जाती है.



