👉 पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना बसंतपुर पुलिस की पहल।
👉 04 वर्षों से सामाज से अलग हुए परिवार को पुनः समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया।
👉 मोहारा वार्ड के कुम्हार समाज एवं आवेदिका पक्ष को आवश्यक समझाइश देकर आपसी सहमति से समाधान।
👉 समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस की पहल का किया स्वागत, आवेदिका परिवार ने व्यक्त किया आभार।
🟢 मामले का संक्षिप्त विवरण
मोहारा वार्ड नं. 47, राजनांदगांव निवासी आवेदिका द्वारा वरिष्ठ कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि उसने दिनांक 11.10.2021 को अन्य जाति के युवक से विवाह किया था। विवाह उपरांत वह अपने पति एवं संयुक्त परिवार के साथ निवासरत थी। विवाह के कारण मोहारा क्षेत्र के कुम्हार समाज द्वारा आवेदिका एवं उसके ससुराल पक्ष को विगत लगभग 04 वर्षों से सामाजिक कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से पृथक कर दिया गया था तथा निरंतर अपमानित किया जा रहा था।
प्रकरण की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) द्वारा मामले के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
🟢 पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही
निर्देशानुसार निरीक्षक एमन साहू, थाना प्रभारी बसंतपुर के नेतृत्व में आवेदिका पक्ष, कुम्हार समाज के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को थाना बसंतपुर में आमंत्रित कर दोनों पक्षों की विस्तृत चर्चा कराई गई।
समाज के प्रमुख व्यक्तियों को स्थिति से अवगत कराते हुए सामाजिक बहिष्कार के दुष्परिणाम एवं विधिक पहलुओं की जानकारी दी गई तथा आपसी समन्वय व सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु समझाइश दी गई।
पुलिस की सतत संवाद एवं मध्यस्थता प्रयासों के फलस्वरूप कुम्हार समाज के प्रतिनिधियों एवं आवेदिका पक्ष के बीच सहमति बनी कि भविष्य में सभी सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में परस्पर सहयोग व सहभागिता रखी जाएगी तथा परिवार को समाज की मुख्यधारा में पूर्ण सम्मान के साथ सम्मिलित किया जाएगा।
🟢 समाधान एवं आभार
विगत लगभग 04 वर्षों से चली आ रही सामाजिक समस्या का समाधान पुलिस की उपस्थिति में सौहार्दपूर्ण वातावरण मे एक दूसरे को मिठाई खिलाकर संपन्न हुआ।
समाज के प्रतिनिधियों एवं आवेदिका परिवार द्वारा इस मानवीय एवं संवेदनशील पहल हेतु पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन, थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती तथा थाना बसंतपुर स्टाफ के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।



