छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को पुलिस ने ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) परीक्षा में बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के रहने वाले एक मास्टरमाइंड समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फिल्मी अंदाज में परीक्षा में नकल करने की कोशिश कर रहे थे.
रायपुर के पश्चिम जोन के डीसीपी संदीप पटेल ने बताया कि आरोपियों ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा खामियों का फायदा उठाते हुए अपने जूतों के भीतर बेहद सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस छिपा रखे थे. पुलिस के मुताबिक, ये डिवाइस इतने छोटे थे कि सामान्य चेकिंग में इन्हें पकड़ना लगभग नामुमकिन था.
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पूरी प्लानिंग एक स्क्रिप्ट की तरह तैयार की थी. तीन आरोपी परीक्षार्थी बनकर केंद्र के अंदर गए थे, जबकि बाकी तीन बाहर से तकनीकी सहायता देने के लिए तैनात थे.
उनकी योजना थी कि परीक्षा शुरू होने के बाद वे टॉयलेट जाने के बहाने डिवाइस एक्टिवेट करेंगे और बाहर बैठे अपने साथियों को सवाल भेजेंगे, जो गूगल सर्च के जरिए तुरंत सही जवाब वापस भेज सकें.
हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के कारण इस गैंग की योजना शुरू होने से पहले ही फेल हो गई. पुलिस को शक है कि यह अंतर्राज्यीय गिरोह पहले भी कई प्रतियोगी परीक्षाओं में इसी तरह की धांधली कर चुका है.
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आने वाले दिनों में दूसरे राज्यों में भी छापेमारी की जा सकती है.



