राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने लूट के एक फरार आरोपी देव यदु (23), निवासी झुलेलाल वार्ड चौखडियापारा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और जेल भेज दिया। आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ थाना बसंतपुर में पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
प्रकरण का संक्षिप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 18 जनवरी 2026 को प्रार्थी अपनी स्कूटी एक्टिवा क्रमांक CG/24/J/1299 से मोहारा शराब भट्ठी से शराब खरीदने गया था। उसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे हाथ-मुक्का और गमछे में बंधे पत्थर से मारपीट करते हुए ₹200 नगद और पर्स में रखे ₹3000 तथा अन्य दस्तावेज लूट लिए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने मोहारा भट्ठी के पास आरोपी देव यदु को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सौरभ मानिकपुरी के साथ मिलकर अपराध करने की बात स्वीकार की। सौरभ मानिकपुरी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।
आरोपी देव यदु के खिलाफ थाना बसंतपुर में पहले भी कई मामले दर्ज हैं – अपराध क्रमांक 225/2023 (धारा 294, 323, 506 भादवि), 572/2023 (धारा 294, 323, 506, 34 भादवि) और 362/2024 (धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस)।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती, सहायक उप निरीक्षक आर. राजू, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल और अन्य आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।



