Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON होली पर्व और बोर्ड परीक्षा को लेकर डीजे संचालकों से पुलिस की...

होली पर्व और बोर्ड परीक्षा को लेकर डीजे संचालकों से पुलिस की बैठक, दिशा-निर्देश जारी

1
0

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन द्वारा आगामी होली पर्व और बोर्ड परीक्षा को लेकर थाना बसंतपुर में डीजे संचालकों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू और क्षेत्र के डीजे संचालक उपस्थित रहे।

बैठक में डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली, बोर्ड परीक्षा और अन्य आयोजनों के दौरान साउंड सिस्टम का उपयोग केवल पूर्व सूचना देने और मानक ध्वनि सीमा के तहत ही किया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित डीजे संचालकों को प्रशासन से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना भी जरूरी बताया गया। अगर किसी डीजे संचालक ने इन निर्देशों का उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी और उनके ध्वनि विस्तारक यंत्रों को जप्त किया जाएगा।

पुलिस ने डीजे संचालकों से अपील की कि वे सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा काल और त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस बैठक का उद्देश्य त्योहारों और बोर्ड परीक्षा के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखना था, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या शोर-शराबा से छात्रों और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।