Home छत्तीसगढ़ RAJNANDGAON केंद्रीय बजट स्वदेशी, सुरक्षा और समावेशी विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम...

केंद्रीय बजट स्वदेशी, सुरक्षा और समावेशी विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम : अशोक चौधरी

3
0

राजनांदगांव। केंद्रीय बजट 2026 को लेकर भाजपा नेता अशोक चौधरी ने इसे भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने वाला, स्वदेशी सोच से प्रेरित और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रस्तुत करता है, जिसमें आर्थिक विकास, रोजगार सृजन, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक संतुलन का समावेश है।
श्री चौधरी ने आगे कहा कि इस बार के बजट में स्वदेशी पर विशेष जोर दिया गया है। समुद्री जहाजों को स्वदेशी पफार्मूले से बनाने की घोषणा को उन्होंने एक बड़ी और दूरदर्शी पहल बताया। इसके साथ ही तीन आयुर्वेदिक एम्स स्थापित करने की घोषणा को ऐतिहासिक करार देते हुए उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से इस बात की सराहना की कि आयुर्वेदिक एम्स केरल और तमिलनाडु जैसे विपक्ष शासित राज्यों में स्थापित किए जाएंगे, जो यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार ने विकास के मामले में पक्ष और विपक्ष में कोई भेदभाव नहीं किया है। गारमेंट और टेक्सटाइल सेक्टर के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। ट्रांसपोर्ट सेक्टर में 20 नए जल मार्गों के निर्माण की घोषणा से आवागमन और माल ढुलाई दोनों ही आसान होंगे, जिससे व्यापार और उद्योग को नई रफ्तार मिलेगी। रेलवे क्षेत्र में 7 नए कॉरिडोर विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, वहीं सड़क और रेलवे इंफ्रास्ट्रख्र के लिए विशेष बजटीय प्रावधान किए गए हैं। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए भी अलग से विशेष बजट का प्रावधान किया गया है। चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे पड़ोसी देशों से उत्पन्न सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए रक्षा बजट में 1 लाख 35 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 7 लाख 85 हजार करोड़ रुपये किया गया है, जो देश की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करेगा। बजट में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को व्यापक रूप से लागू करने की घोषणा की गई है, जिससे युवाओं को भविष्य में स्थायी रोजगार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। किसानों के लिए विशेष रूप से पशुपालन पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसमें किसानों को लगभग 16 प्रतिशत तक लाभ प्राप्त होता है। इसके अलावा वैज्ञानिक आधार पर प्रशिक्षण, नारियल और चंदन जैसे दीर्घकालिक लाभ देने वाले वृक्षों के रोपण को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों की आय वर्षों तक सुनिश्चित हो सकेगी। वर्ष 2014-15 में जहां देश का बजट लगभग 16 लाख करोड़ रुपये था, वहीं 2026 में यह बढ़कर 53 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक मजबूती और विकास यात्रा को दर्शाता है। अपने बयान के अंत में भाजपा नेता अशोक चौधरी ने कहा हम इस बजट का स्वागत करते हैं और विश्वास करते हैं कि इसके माध्यम से भारत हर क्षेत्र में प्रगति करेगा। यह बजट विकसित, आत्मनिर्भर और सुरक्षित भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है।