राजनांदगांव। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत चल रहे धान खरीदी महाभियान से किसानों में हर्ष और संतोष का माहौल है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जा रही है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले में धान खरीदी के सुचारू संचालन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। धान खरीदी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमैट्रिक डिवाइस, आर्द्रता मापी यंत्र, पेयजल, छांव और श्रमिकों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। किसानों द्वारा लाए गए धान की गुणवत्ता की जांच आर्द्रता मापी यंत्र से की जा रही है।
जिले के 96 धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की दर, किसानों की सूची और अन्य जानकारियां फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित की गई हैं। कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी रखने के साथ ही कोचियों और बिचौलियों द्वारा अवैध धान खरीदी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
धान बिक्री के लिए किसान ‘टोकन तुंहर हाथ’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे किसानों का समय बच रहा है और उन्हें अधिक सुविधा मिल रही है।
अब तक जिले में 61207 पंजीकृत किसानों से 753 करोड़ 20 लाख 41 हजार रुपये मूल्य का 31 लाख 72 हजार 262 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। साथ ही धान का उठाव कार्य भी तेजी से जारी है। अब तक धान उपार्जन केंद्रों से 5 लाख 46 हजार 719.72 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है।
सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था और समय पर भुगतान की उम्मीद से जिले के किसानों में उत्साह बना हुआ है।



